डॉ0 निवेदिता शर्मा के भजन संग्रह ‘तुम आओ तो मोहन’ का लोकार्पण- Inauguration of Dr. Nivedita Sharma's bhajan collection 'Tum Aao To Mohan'

अम्बेडकरनगर। डॉ0 निवेदिता शर्मा के भजन संग्रह ‘तुम आओ तो मोहन’ का लोकार्पण विधानसभा दिल्ली में अध्यक्ष रामनिवास गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ0 निवेदिता निरन्तर साहित्य सेवा के प्रति समर्पित हैं। एक साहित्यकार और एक कवि के रूप में उनका सृजन निरन्तर जारी हैं। यह सृजन उन्हें नई ऊँचाईयों पर ले जायेगा। इस अवसर पर सुश्री अनीता मुकीम गोयल, डॉक्टर अवधेश तिवारी ,डॉक्टर गीतिका चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
    इस दौरान रूस, यूक्रेन, पोलैंड, मलेशिया, नेपाल आदि विदेशी डेलीगेट्स भी मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष के अनुरोध पर डॉ0 निवेदिता शर्मा, डॉक्टर अवधेश तिवारी और डॉक्टर गीतका चतुर्वेदी ने काव्य पाठ किया।
     गौरतलब है कि डॉ0 निवेदिता शर्मा की साहित्य अभिरूचि विद्यार्थी जीवन से ही रही। एम0ए0 संस्कृत और हिन्दी विषय से करते हुए बीएड की डिग्री हासिल किया। इसके बाद संगीत के क्षेत्र में संगीत प्रभाकर, संगीत विशारद, संगीत निपुण जैसी उपाधि हासिल की। डा0 निवेदिता की प्रकाशित पुस्तकों में ‘‘तुम याद बहुत आते हो’’ गीत संगह एवं ‘‘तुम आओ तो मोहन’’ भजन संग्रह बहुत लोकप्रिय है। इसके अलावा उनकी एक गीतिका संगह प्रकाशाधीन है।
     साहित्यकार और कवि के रूप में डॉ0 निवेदिता ने अनेकों उपलब्धियां हासिल की।  हिन्दी साहित्य साधना समिति, संगम कला सस्थान, भातखंडे संगीत महाविद्यालय, एनटीपीसी, भारत संचार निगम लिमिटेड भारत सरकार के उद्यम, संस्कार भारती, भारतीय रेडक्रास सोसायटी, उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ साहित अनेकों संस्थानों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। उन्होंने रेडियो चैनल, आकाशवाणी गोरखपुर व इलाहाबाद से भी काव्य पाठ एवं कहानियों का प्रसारण भी किया।
      डॉ0 निवेदिता वर्तमान समय में सेठ मुकुन्द लाल इंटर कालेज में हिन्दी प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उनकी साहित्य साधना निरन्तर जारी है। निश्चय ही हिन्दी साहित्य जगत में डॉ0 निवेदिता शर्मा एक श्रेष्ठ और उच्चतर मुकाम हासिल करेंगी।

और नया पुराने