सांसदों को बीस हजार तो विधायकों को न्यूनतम दस हजार नए सदस्य बनाने का टारगेट

एक सितंबर से बीजेपी का सदस्यता अभियान, बांटी गई जिम्मेदारी
बस्ती। लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद बीजेपी का एक बार फिर सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। बीजेपी अब हर घर तक सदस्य बनाने के अभियान में जुटने जा रही है। एक सितंबर से बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचेंगे। बीजेपी ने सांसदों को न्यूनतम बीस हजार तो विधायकों को न्यूनतम दस हजार नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया है।
    1 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान को लेकर राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर बैठके हो चुकी हैं। जिले पर एक दिवस कार्यशाला 23 अगस्त को दिन में 12 बजे भाजपा कार्यालय पर आयोजित होने जा रही है। 25 से 27 अगस्त तक मंडल स्तर पर सदस्यता अभियान की कार्यशालाएं होंगी। 31 अगस्त को सभी बूथों पर कार्यशाला होगी। सदस्यता अभियान को लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर पर टीम भी बनाई जाएगी।
       भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने इस अभियान के लिए जिला स्तरीय 5 सदस्यीय टीम का गठन किया जिसमे देवेन्द्र सिंह, अमृत कुमार वर्मा, चन्द्रशेखर मुन्ना, ममता सिंह और मानस भूषण त्रिपाठी को कमान सौपी गई है। इसी तरह मण्डल स्तर पर भी 3-3 सदस्यीय टीम बनाई गई है। भाजपा की सदस्यता के लिए मिस्ड काल, नमो एप्प, क्यूआर कोड और पेपर सहित चार माध्यमो से अभियान चलाया जायेगा। जनप्रतिनिधियो से लेकर पार्टी के पदाधिकारियों को पार्टी का सदस्य बनाने का टास्क दिया गया है।
     जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बताया कि जिला स्तर पर 5 सदस्यों की टोली बना दी गई है। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और सदस्य बनाएंगे। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी से जुड़ने को हर कोई तत्पर है, इस बार भी सदस्यता अभियान के जरिए भाजपा विश्व की सबसे पार्टी के रूप में उभर के सामने आएगी।
     बता दें कि 1 सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान का आगाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता सदस्य बनकर करेंगे।

और नया पुराने