संस्कृति की संवाहक बने हमारी भावी पीढ़ी -राजेन्द्र देव त्रिपाठी -Our future generations should become carriers of culture - Rajendra Dev Tripathi

संस्कृति बोधमाला पुस्तक का विमोचन

बस्ती। भारत की गौरवमयी संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने के लिए और उनके हृदय में गौरव का भाव स्थापित करने के लिए ‘‘विद्या भारती संस्कृति संस्थान-कुरुक्षेत्र (हरियाणा)‘‘ सन् 1980 से निरन्तर प्रयासरत है और उसके लिए विभिन्न परियोजनाओं द्वारा कार्यरत है।
उक्त बाते सरस्वती विद्या मन्दिर रामबाग बस्ती में आयोजित बैठक में संस्कृति बोध परियोजना के महाअभियान प्रमुख राजेन्द्र देव त्रिपाठी  ने कही। उन्होने आगे बताया कि हमारी भावी पीढ़ी संस्कृति की सम्वाहक बने और जो मूल्यों का पतन आज दीर्घकालिक दासता के कारण दिखायी दे रहा है, उसका समूल निराकरण करके संस्कृति का यश सर्वत्र विस्तारित करे, इस दृष्टि से विद्या भारती विपुल व उच्च कोटि का साहित्य भी तैयार की है, जिसमें कक्षा-3 से 12 तक (अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम) संस्कृति ज्ञान परीक्षा की सचित्र पुस्तकें तैयार की हैं। विद्या भारती इस योजना को प्रत्येक भारतीय तक ले जाने के लिए कटिबद्ध है। इस दृष्टि से विद्या भारती ने संकल्प लिया है कि विद्या भारती का प्रत्येक घटक 15 दिनों का अभियान चलायेगा, अभियान के द्वारा समाज के समस्त प्रबुद्ध वर्ग को अपनी गौरवशाली संस्कृति के उज्जवल पक्षों का बोध करायेंगे।
      इस कार्य के लिए हमारे विद्यालयों के सभी आचार्य/पूर्व छात्र, मातृ भारती एवम् प्रबन्ध समिति के सदस्य समाज के न्यूनतम 10-10 लोगों को‘‘ संस्कृति बोध परियोजना‘‘ से जोड़ेगें। इस परीक्षा का आयोजन सम्पूर्ण देश में किया जायेगा। कक्षा-3 से 12 तक संस्कृति बोधमाला पुस्तक 50/- रुपये प्रति आचार्य/शिक्षक, अभिभावक तथा आम समाज के लिए प्रवेशिका, मध्यमा, उत्तमा मूल्य 60/- रुपये प्रति पुस्तक तथा प्रज्ञा हेतु मूल्य रुपये 100/- रहेगा। परीक्षा तिथि 15 दिसम्बर 2024 के बाद होगी। पंजीकरण एवम् परीक्षा निःशुल्क रहेगा। संस्थान द्वारा आकर्षक प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। बैठक की समाप्ति पर आये हुए प्रतिभागियो द्वारा संस्कृति बोधमाला पुस्तक का विमोचन हुआ। इस अवसर पर जन शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक जियालाल, प्रान्त संयोजक  दिवाकर मिश्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह, प्रान्त प्रमुख  भानु प्रताप त्रिपाठी, प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह, अशोक मिश्र,  रमेश राय  सहित संकुल एवं बस्ती व सन्त कबीर नगर जिले के सभी प्रधानाचार्य एवं संयोजक उपस्थित रहें।

और नया पुराने