बस्ती जिला कारागार में शुरू हुआ गायत्री परिवार का साधना अभियान

🔹 गायत्री मंत्र लेखन मंत्र जप से दस गुना अधिक परिणामदायी-प्रेमलाल कुशवाहा
🔹 बड़ी संख्या में कैदियों ने गायत्री मंत्र लेखन साधना का लिया संकल्प
🔹 जेल में हुई पं० श्रीराम शर्मा आचार्य पुस्तकालय की स्थापना

बस्ती। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला कारागार बस्ती में बंदी साधना अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ गायत्री परिजन जगराम कश्यप द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जेलर अपूर्वव्रत पाठक द्वारा दीप प्रज्वलन और देवपूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से पहुंचे बंदी साधना अभियान संयोजक गायत्री परिजन प्रेमलाल कुशवाहा और महेश ठाकुर ने बंदियों को संबोधित किया। महेश ठाकुर ने कहा गायत्री मंत्र साधना से दुर्विचारों का शमन होने लगता है जिसके माध्यम से व्यक्ति का जीवन श्रेष्ठ मार्ग की ओर उन्मुख होने लगता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेमलाल कुशवाहा ने बताया गायत्री मंत्र लेखन मंत्र जप से दस गुना अधिक परिणामदायी होता है। कार्यक्रम से प्रेरित होकर स्वेच्छा से भारी संख्या में कैदियों ने गायत्री मंत्र लेखन साधना का संकल्प लिया। इन सभी बंदियों को गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिकाएं और पेन गायत्री परिवार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
इसके साथ ही गायत्री परिवार द्वारा जेल में पं० श्रीराम शर्मा आचार्य पुस्तकालय की स्थापना भी की गई जिसमें प्रेरक पुस्तकें रखी गई हैं। बंदियों के सत्संकल्प को आध्यात्मिक ऊर्जा देने के उद्देश्य से   दीपयज्ञ के साथ सामूहिक भाव आहुतियां समर्पित की गईं। युवा प्रकोष्ठ की पूर्णिमा द्वारा गाये प्रज्ञा गीतों पर सभी आनंदित होकर खूब झूमे।
इस दौरान गायत्री परिजन अनूप गौड़, विशाल श्रीवास्तव, डा० सुधाकर द्विवेदी, रामसागर चौधरी, सुधा शुक्ला, चंचलावती आदि मौजूद रहे

और नया पुराने