मण्डलायुक्त ने कालानमक धान, फल, सब्जी आदि की उन्नतिशील प्रजातियों का किया अवलोकन
मण्डलायुक्त ने केन्द्र पर लगी मौसमी की प्रजाति कॅलेशिया की फलत को देखकर जतायी प्रसन्नता
बस्ती। आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा वित्त पोषित कृषि विज्ञान केन्द्र, बस्ती पर अखिलेश सिंह ,आई.ए.एस. आयुक्त, बस्ती मण्डल, बस्ती ने केन्द्र का भ्रमण कर वैज्ञानिकों के साथ आई.एफ.एस. माडल, अंजोला, वर्मी कम्पोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, जगरी यूनिट, कालानमक धान के परीक्षण आदि का निरीक्षण किया। आयुक्त ने पाली हाउस में उत्पादित टमाटर, बैगन, मिर्च, शिमला मिर्च, फूल गोभी, पत्ता गोभी व प्याज की नर्सरी का अवलोकन किया। साथ ही साथ नेट हाउस में लगे आम की रंगीन प्रजातियों के पौधों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।
केन्द्राध्यक्ष, डा0 एस0एन0 सिंह ने अवगत कराया कि टमाटर, बैगन, मिर्च, शिमला मिर्च की उन्नतिशील प्रजातियों के पौध की विक्री आज से प्रारम्भ कर दी गयी है। पहले आओं पहले पाओं के सिद्धान्त पर सब्जियों की उन्नतिशील प्रजातियों की नर्सरी किसानों को उपलब्ध करायी जायेगी।
मण्डलायुक्त ने केन्द्र पर रोपित कालानमक धान की प्रजाति पूसा नरेन्द्र कालानमक-1 व 2 की फसल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि इसके बीजोत्पादन को और अधिक बढाया जाय ताकि जनपद के किसानों को बीज उपलब्ध हो सके। केन्द्र पर लगी मौसमी की प्रजाति कॅलेशिया की फलत को देखकर अत्यधिक प्रसन्न हुए तथा उन्होने निर्देशित किया कि इसकी पौध तैयार कर जनपद में कृषकों के प्रक्षेत्र पर मौसमी की बाग लगवाया जाय जिससे किसानों की आय में 2-5 गुना बृद्वि हो सके।
आयुक्त के भ्रमण के दौरान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा0 डी0के0 श्रीवास्तव, वैज्ञानिक (जी0पी0बी0), डा0 वी0बी0 सिंह, वैज्ञानिक हरिओम मिश्र उपस्थित रहें। आयुक्त ने वैज्ञानिकों से केन्द्र की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा केन्द्र पर मशरूम उत्पादन इकाई एवं कृषकों एवं कृषक महिलाओं हेतु वर्किंग शेड का प्रस्ताव प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।
Tags
बस्ती /बस्ती मण्डल