लखनऊ। रक्षा बंधन पर्व पर योगी सरकार ने प्रदेश की माताओं एवं बहनों को तोहफा दिया है जिसमें परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की गयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में यूपी रोडवेज और सिटी बसों में 29 अगस्त की रात 12 बजे से लेकर 31 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं की यात्रा निःशुल्क करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद निश्चित समयावधि में प्रदेश में कहीं भी जाने के लिए महिलाओं को रोड़वेज टिकट नहीं लेना होगा, सिटी बसों में उनका किराया देय नहीं होगा। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद परिवहन निगम और नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश में कहा गया है की विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रक्षाबन्धन पर्व के सुअवसर पर परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाओं को दिनांक 29 अगस्त की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने का शासन स्तर पर निर्णय लिया गया है। परिवहन निगम की समस्त बसों में इस दौरान महिलाओं को किराया देय नहीं होगा। इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को मिले इसके लिए प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कहा गया कि ऐसा रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश की माताओं एवं बहनों को शुभ उपहार भेंट स्वरूप किया जा रहा है।
Tags
उत्तर प्रदेश