एक व्यक्ति अंगदान करके आठ लोगों का तथा टिशू दान करके 50 से अधिक लोगों का जीवन बचा सकता है- डा0 गिरीश त्रिवेदी
गोंडा। स्थानीय गोल्डेन फेयरी रिसार्ट में रोटरी क्लब गोंडा ग्रीन ने अंगदान जागरूकता अभियान शुरू किया। इस अभियान के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल एवं विशिष्ट अतिथि रोटरी मण्डल 3120 के गवर्नर निर्वाचित रोटेरियन केके श्रीवास्तव थे। मुख्य वक्ता एवं प्रेरणाश्रोत मुम्बई से रो. डा. गिरीश त्रिवेदी थे। राज्यीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो) के डा. राजेश हर्षवर्धन, स्पर्श वेलफेयर सोसायटी के डा. धर्मेन्द्र शर्मा, तथा जैनस इनीशिएटिव के डा. पंकज श्रीवास्तव ने भी अभियान में हिस्सा लिया। इस अभियान की समन्वयक मुम्बई की इनरव्हील की कविता अग्रवाल रहीं। मुख्य वक्ता डा. गिरीश त्रिवेदी ने अंगों की कमी पर प्रकाश डालते हुये कहा कि आज की तारीख में राष्ट्रीय प्रतीक्षा सूची में गुर्दा प्रत्यारोपण हेतु 15 लाख लोग प्रतीक्षारत हैं जब कि प्रतिवर्ष केवल 5 हजार लोगों का ही गुर्दा प्रत्यारोपण हो पा रहा है। भारत में 25 लाख लोग कार्नियल ब्लाइण्डनेस के शिकार हैं, यदि लोग केवल नेत्र दान कर दें तो इन्हें रोशनी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति अंगदान करके आठ लोगों का तथा टिशू दान करके 50 से अधिक लोगों का जीवन बचा सकता है। आंख व त्वचा दान हेतु शव को अस्पताल भी नहीं ले जाना है। योग्य चिकित्सक द्वारा शव को विकृत किये बिना ही यह दान लिया जा सकता है। उन्होंने सभी से सामाजिक व धार्मिक रूढ़ियों से ऊपर उठकर अंगदान करने की अपील की।
सोटो के डा. राजेश हर्षवर्धन के बताया कि सोटोे एक प्रान्त स्तरीय संगठन है जो कि नोटो के साथ कार्य करता है और अंग दान को अवश्यंभावी व व्यावहारिक बनाने में मदद करता है। नोटो के पास सम्भावित अंग प्राप्त कर्ताओं की लिस्ट है और दान के अनुक्रम में अंग प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों, सरकारी अस्पतालों के साथ मिलकर स्वयंसेवी संगठनों को अंगदान का प्रचार-प्रसार करना चाहिये। मुख्य अतिथि डा. नितिन बंसल ने क्लब के प्रयास की सराहना करते हुये आश्वासन दिया कि अंग दान को प्रेरित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जो भी आवश्यक होगा उसमें वे सहायता करेंगे। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज की रेड क्रास इकाई और इन्टरैक्ट क्लब एसआरपीएस ग्रीन द्वारा डा. राजीव कुमार अग्रवाल एवं सलमान द्वारा निर्देशित ’अंगदान’ पर दो नाटकों का मंचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डा. आलोक कुमार अग्रवाल एवं रो. पीयूष मित्तल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन क्लब के अध्यक्ष रो. उमेश शाह ने किया। इस अवसर पर नगर की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक, मीडिया के प्रतिनिधि, रोटरी क्लब के संजू छाबड़ा, योगेन्द्र अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अरविन्द श्रीवास्तव, डा. अंजू अग्रवाल, डा. संजय त्रिपाठी, गोपाल मित्तल, गुंजन शाह, कमल किशोर शाह, विमल शाह, नीरज तायल, रवि रस्तोगी, प्रबल भाटिया, पूर्व डीआरआर अशोक त्रिपाठी, रोटरैक्टर्स, इन्टरैक्टर्स मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने अंगदान में दिलचस्पी दिखाई और सम्बन्धित फार्म भरकर क्लब में जमा किये। कार्यक्रम कोआर्डिनेटर डा. आलोक अग्रवाल ने बताया कि क्लब यह प्रयास करेगा कि निकट भविष्य में शहर में मृत्योपरान्त नेत्र दान की सुविधा अवश्य उपलब्ध हो जाये इसके लिए सम्बन्धित अधिकारियों के साथ तालमेल का प्रयास किया जायेगा।
Tags
उत्तर प्रदेश