सोशल क्लब ने प्रधानाचार्य नीलम को सावित्री बाई फुले जयन्ती पर किया सम्मानित

सावित्रीबाई ने महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया-  नीलम सिंह


बस्ती। देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले के जयन्ती अवसर पर सोशल क्लब अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय के संयोजन में राजकीय कन्या इण्टर कालेज की प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम सिंह को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने कहा कि क्लब का यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि  देश के पहले बालिका विद्यालय की पहली प्रधानाचार्या बनने और पहले किसान स्कूल की स्थापना करने का श्रेय उन्हें जाता है। सावित्रीबाई ने महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया. तकरीबन डेढ़ सौ साल पहले सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं को पुरुषों के ही सामान अधिकार दिलाने की बात की थी।  सावित्रीबाई ने न सिर्फ महिला अधिकार पर काम किया बल्कि उन्होंने कन्या शिशु हत्या को रोकने के लिए प्रभावी पहल भी की।  उन्होंने न सिर्फ अभियान चलाया बल्कि नवजात कन्या शिशु के लिए आश्रम तक खोले जिससे उनकी रक्षा की जा सके। ऐसे महान महिला के बारे में देशवासियों को जानकारी देना आवश्यक है जिससे दूसरी महिलाओं का हौसला बढे।
क्लब संस्थापक एवं प्रधानाचार्य उमेश श्रीवास्तव ने कहा कि  जब सावित्रीबाईकन्याओं को पढ़ाने के लिए जाती थीं तो रास्ते में लोग उन पर गंदगी, कीचड़, गोबर, विष्ठा तक फेंका करते थे। सावित्रीबाई एक साड़ी अपने थैले में लेकर चलती थीं और स्कूल पहुंच कर गंदी कर दी गई साड़ी बदल लेती थीं। उन्होने अनेक सामाजिक कठिनाईयां, उपेक्षा बर्दाश्त कर समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। क्लब महामंत्री अमर सोनी ने कहा कि सावित्रीबाई फुले की शादी 9 साल की उम्र में ही ज्योतिबा फुले से हो गई थी. उनके पति ज्योतिबा फुले समाजसेवी और लेखक थे।  ज्योतिबा फुले ने 1854 में एक स्कूल खोला, यह देश का पहला ऐसा स्कूल था जिसे लड़कियों के लिए खोला गया था। उनका अदम्य साहस लोगों के लिये प्रेरणा है। प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले के जयन्ती अवसर पर प्रधानाचार्य नीलम सिंह को सम्मानित किये जाने के अवसर पर मुख्य रूप से क्लब संयोजक अजय कुमार श्रीवास्तव, अखण्ड पाल, मोहम्मद सलमान खान, दीपक सिंह 'प्रेमी' राहुल पटेल, दीपक गौड़, बालचन्द्र शुक्ल, अनूप श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।



 


और नया पुराने