लखनऊ। सीएए और एनआरसी के विरोध के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत को बदनाम करने की साजिश सामने आई है। अराजकतत्वों ने उनके नाम और फोटो का प्रयोग कर संविधान की संरचना का मखौल उड़ाते हुए 'नया संविधान' नाम से एक लेख वायरल किया है। लेख में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी हैै। संघ पदाधिकारियों ने हजरतगंज और गोमतीनगर थाने में दो एफआइआर दर्ज कराई हैं। 'नया भारतीय संविधान' शीर्षक से सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे लेख को संघ प्रमुख की ओर से लिखित बताया जा रहा है जबकि संघ कार्यालय ने इस तरह के किसी भी संदेश की जानकारी से इन्कार किया है। दूसरी ओर जिस ढंग से आपत्तिजनक लेख लिखा गया है उससे पुलिस भी मौजूदा माहौल को बिगाडऩे की बड़ी साजिश के रूप में देख रही है। अब मुकदमा दर्ज करने के बाद इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे भारत विरोधी तत्वों की साजिश तो नहीं है।
इस सम्बन्ध में नगर कार्यवाह तुलाराम निमेश ने दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ असामाजिक तत्व देश का माहौल खराब करना चाहते हैैं। इसके चलते ही भारतीय संविधान के नाम का प्रयोग कर उसकी संप्रभुता से खिलवाड़ किया गया है। लेख के जरिए समाज में फूट डालने एवं संघ की छवि धूमिल की साजिश है। इसके माध्यम से समाज में जाति, वर्ण, और धर्म को हथियार बनाकर लोगों में विभेद उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है।
Tags
उत्तर प्रदेश