लखनऊ में बोले अमित शाह-जिसको विरोध करना हो करे, सीएए वापस नहीं होने वाला है


लखनऊ। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस कानून को लेकर देश को गुमराह किया जा रहा है। सीएए नागरिकता छीनने का नहीं बल्कि देने का कानून है, मगर कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष की आंखों पर वोट बैंक की पट्टी बंधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिसको विरोध करना हो करे, मगर सीएए वापस नहीं होने वाला है। कहा कि सीएए पर विरोधी पार्टियां दुष्प्रचार करके और भ्रम फैला रही हैं, इसीलिए भाजपा जन जागरण अभियान चला रही है, जो देश को तोड़ने वालों के खिलाफ जन जागृति का अभियान है।
अमित शाह ने विपक्षी दलों को सीएए पर बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा  सीएए के खिलाफ प्रचार किया जा रहा है कि इससे देश के मुसलमानों की नागरिकता चली जाएगी। मैं कहने आया हूं कि जिसमें भी हिम्मत है वह इस पर चर्चा करने के लिये सार्वजनिक मंच ढूंढ ले। हम चर्चा करने के लिये तैयार हैं।  ये अगर किसी भी व्यक्ति की नागरिकता ले सकता है, तो उसे साबित करके दिखाओ। गृहमंत्री शाह ने कहा कि देश में सीएए के खिलाफ भ्रम फैलाया जा रहा है, दंगे और धरना प्रदर्शन कराए जा रहे हैं। सीएए में कहीं पर भी किसी की नागरिकता लेने का कोई प्रावधान नहीं है, इसमें नागरिकता देने का प्रावधान है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यकों पर वहां अत्याचार हुए, वहां उनके धार्मिक स्थल तोड़े जाते हैं। वो लोग वहां से भारत आए हैं। ऐसे शरणार्थियों को नागरिकता देने का ये बिल है।
गृह मंत्री ने सीएए का विरोध करने वाली कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से पूछा ‘‘ जब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में करोड़ों लोग धर्म के आधार पर मारे गये तब आप कहां थे। कश्मीर से पांच लाख पंडितों को विस्थापित किया गया, मगर इन दलों के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी ने वर्षों से प्रताड़ित लोगों को उनके जीवन का नया अध्याय शुरू करने का मौका दिया है। 


रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा सहित तमाम लोग  मौजूद रहे ।


देश के खिलाफ हो रही है साजिश, हम सभी मौन नहीं रह सकते हैं- योगी आदित्यनाथ


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कश्मीर का मुद्दा हो या फिर राम मंदिर, चाहे शरणार्थियों को नागरिकता देने का मुद्दा हो, ये सभी कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में किया गया है। योगी ने कहा कि पैसे देकर धरना प्रदर्शन करवाया जा रहा है। देश के खिलाफ साजिश हो रही है। हम सभी मौन नहीं रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के अंदर दुश्मनों की भाषा कांग्रेस बोल रही है। उन्होंने कहा कि देश सर्वोपरि है। उसके साथ राजनीति स्वीकार नहीं है। 


और नया पुराने