नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं विपक्षी पार्टियां -डाo धर्मेन्द्र सिंह

सीएए का सच बताने के लिए भाजपा ने शुरू किया जन जागरण अभियान


बस्ती। गोरखपुर क्षेत्र के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष डाo धर्मेन्द्र सिंह ने भाजपा कार्यालय बस्ती पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का विरोध सिर्फ वोट बैंक की राजनीति है। इस एक्ट का भारतीय नागरिकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा विपक्षी पार्टियां विशेषकर कांग्रेस हमेशा से  तुष्टिकरण की राजनीति करती चली आ रही है। यूपीए शासनकाल में कांग्रेस नीत सरकार के मुखिया मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। जबकि हमारे नेता देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। चाहे वह किसी वर्ग या संप्रदाय का हो। कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियां झूठ और भ्रम फैला कर देश की जनता को भड़काने का काम कर रही हैं। नागरिकता संशोधन अधिनियम में 3 देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धर्म के नाम पर प्रताड़ित हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई व पारसी शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है। जिन्हें जबरन धर्म परिवर्तन, वर्बरता, नरसंहार व अपने परिवार की इज्जत बचाने के लिए भाग कर भारत में शरण लेनी पड़ी। यह अधिनियम नागरिकता देने का है नागरिकता लेने का नहीं इस प्रकार के कानून की कोई आवश्यकता नहीं पड़ती यदि आजादी के वक्त कांग्रेस ने देश का बंटवारा धार्मिक आधार पर ना कराया होता। पाकिस्तान बांग्लादेश में हिंदू सहित अन्य अल्पसंख्यकों पर वर्बरता की पराकाष्टा होती है। विभाजन के समय 1947 में पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यकों की संख्या 23% थी जो आज घटकर 2% रह गई है।
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सपा सहित अन्य विपक्षी दलों के द्वारा देश व प्रदेश में फैलाई जा रही अफवाह भ्रम व झूठ की राजनीति का जवाब देने के लिए प्रदेश की जनता के बीच सीएए का सच बताने के लिए जन जागरण अभियान शुरू किया है। गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों की बैठकें हो चुकी हैं। 30, 31 दिसम्बर व 1 जनवरी तक गोरखपुर क्षेत्र के सभी 286 मंडलों की बैठक संपन्न हो जाएगी। 1 से 7 जनवरी तक सभी सेक्टरों में संवाद, 7 जनवरी से 14 जनवरी तक प्रत्येक राजस्व ग्राम व शहरों के वार्डों में संपर्क तथा सभी जिला मुख्यालयों पर 2 से 3 किलोमीटर की रैली पदयात्रा निकालेंगे। उत्तर प्रदेश के सभी 6 क्षेत्रों में बड़ी सभाएं होंगी साथ ही साथ सामाजिक संपर्क व विशेष संपर्क अभियान से पार्टी मोर्चों प्रकोष्ठों के पदाधिकारी समाज के प्रबुद्ध वर्ग जैसे डॉक्टर वकील अध्यापक सेवानिवृत अधिकारियों सहित समाज के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों से  संपर्क कर उन्हें नागरिकता संशोधन एक्ट के सच को बताएंगे तथा विपक्षी दलों के झूठ का पर्दाफाश करेंगे। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल, यशकांत सिंह, अजय सिंह गौतम, मीडिया प्रभारी अमृत कुमार वर्मा, प्रत्युष विक्रम सिंह,राजन मिश्र, सुरेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह, आदि मौजूद रहे ।



 


और नया पुराने