महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों का पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया जायेगा-वेंकटेश्वर लू


बस्ती। दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों का जैम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया जायेंगा ताकि उनके समानों को सरकारी कार्यालय भी खरीद सके। उक्त निर्देश प्रदेश के महानिदेशक राज्य ग्राम्य विकास संस्थान वेकटेश्वर लू ने दिया है। वे विकास भवन सभागार में आजीविका मिशन के तहत मण्डल स्तरीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि स्वयं सहायता समूह में महिलाओं को समय समय पर प्रशिक्षण एवं नयी तकनीक की जानकारी देना आवश्यक है। खण्ड विकास अधिकारीगण इनकी कार्यशाला कराकर नयी जानकारी दें।
उन्होने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण क्षेत्र की माताओं बहनों के आर्थिक स्वालम्बन की सबसे बड़ी योजना है। सभी बीडीओं, बैंक मैनेजर ईमानदारी से प्रयास करके इस योजना को लागू करें। इस योजना का उद्देश्य समूह को सशक्त बनाने के साथ-साथ उसे जागृत करना भी है। व्यक्तिगत क्षमता में वृद्धि करना है। उन्होने कहा कि अधिक से अधिक महिला समूह को गठित करके इन्हें प्रशिक्षित करें। उन्हें नयी-नयी जानकारी दें। गॉवों के रिटायर्ड अधिकारी, कर्मचारी को समूह से जोड़े ताकि समूह का मार्गदर्शन हो सके। कालेज के एनसीसी, एनएसएस के छात्र- छात्राओं को जोड़े। उन्होने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगवाये। औषधीय पौधे लगवाये। बैंकर्स का अधिक से अधिक सहयोग लें। सीडीओ अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में जिले में अच्छा काम हो रहा है। बैंकर्स से व्यक्तिगत रूप से स्वयं सहायता समूहो की प्रत्येक पत्रावली पर निस्तारण की कार्यवाही करायी जाती है। नावार्ड को भी इससे जोड़ा गया है। आरसेटी के सुशील पाण्डेय ने कहा कि समय के अनुसार नये-नये ट्रेड का चयन किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक गरीब को प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था है। ऐसे पात्र युवाओं को उनके सेण्टर पर भेजे। उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रोजेक्ट बनाकर ऋण भी दिलाया जायेंगा। वैद्य अश्वनी त्रिपाठी ने कहा कि आयुर्वेद ईलाज करने के साथ-साथ जीवन पद्यति सिखाता है। महिला समूह के द्वारा औषधीय पौधा एकत्र कराये। यदि उनके पास भूमि हो तो वे पौधे उगा सकते है। इससे उन्हें आमदनी होगी। समीक्षा बैठक में मण्डल के तीनों जिलों के खण्ड विकास अधिकारियों ने भाग लिया। जिला विकास अधिकारी उपायुक्त स्वतः रोजगार अजीत श्रीवास्तव ने आजीविका मिशन के संबंध में जानकारी दिया तथा सभी का स्वागत किया। इसमें उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अदील अब्बास, रिजनल प्रोग्राम कोआर्डिनेटर अभिषेक शाही, पीडी आरपी सिंह आदि उपस्थित रहे।


और नया पुराने